जन्माष्टमी पर बिहारी जी की भव्य झांकी और भजन संध्या का आयोजन

 

कालपी (जालौन) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर यमुना नदी के ऐतिहासिक किलेघाट पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री बांकेबिहारी जी की भव्य झांकी एवं विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। किलेघाट पर आकर्षक सजावट के साथ भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया जाएगा। भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रहेंगे। वहीं रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। जन्म के समय मंदिर परिसर एवं किलेघाट पर जय श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
इस संबंध में बिहारी जी के परम भक्त एवं नगर पालिका परिषद कालपी के अध्यक्ष अरबिंद सिंह यादव ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का पर्व है। किलेघाट पर आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र के सभी श्रद्धालु सादर आमंत्रित हैं। उन्होंने भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन एवं भजन संध्या का आनंद लेने की अपील की।
आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। जन्माष्टमी की रात किलेघाट पर भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

आर०एन०शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें