वेदव्यास जन्मभूमि पहुंचे मुकेश साहनी, विधि-विधान से पूजा कर की क्षेत्र की खुशहाली की कामना

 

फूलन देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर माता मूला देवी से मिले मुकेश साहनी

उरई मुकदमे पर बोले मुकेश साहनी—हर नामजद को देंगे ₹11 हजार, पार्टी लड़ेगी मुकदमा

कालपी (जालौन)। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से चर्चित मुकेश साहनी ने मंगलवार को जालौन जनपद के दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने सबसे पहले वीरांगना फूलन देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने वीरांगना फूलन देवी की माता मूला देवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने माता मूला देवी के शीघ्र स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की।

इसके बाद मुकेश साहनी महर्षि वेदव्यास जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। मंदिर में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद एवं भोग अर्पित किया। उन्होंने महर्षि वेदव्यास की जन्मभूमि के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को नमन करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर भी चर्चा हुई।

मुकेश साहनी के जनपद आगमन पर विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ग्राम पंचायत गुढ़ा खास के चौराहे पर ग्राम प्रधान राज भोज के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं एवं ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और लोगों ने उनके समर्थन में नारे लगाए।

मुकदमों को लेकर किया बड़ा ऐलान

पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुकेश साहनी से उरई में आयोजित कार्यक्रम के निरस्त होने के बाद हुए धरना-प्रदर्शन तथा दर्ज मुकदमों को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जिन-जिन लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि मुकदमे में नामजद प्रत्येक व्यक्ति को पार्टी की ओर से 11-11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मुकदमों की कानूनी लड़ाई भी पार्टी स्वयं लड़ेगी और पैरवी में होने वाला हर्जा-खर्चा पार्टी द्वारा वहन किया जाएगा।

मुकेश साहनी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें किसी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों के हितों की रक्षा के लिए पार्टी हरसंभव प्रयास करेगी।

जालौन में जल्द होगा बड़ा कार्यक्रम

मुकेश साहनी ने कहा कि जल्द ही जालौन जनपद में पार्टी का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से संगठन को मजबूत करने तथा समाज के लोगों को एकजुट करने का आह्वान किया। उनके इस ऐलान के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

उन्होंने सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी और समाज के उत्थान पर भी लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकजुटता में है और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़कर समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।

इस दौरान पूर्व मंत्री अच्छे लाल निषाद बांदा, विनोद साहनी, भारत सिंह निषाद, शकुंतला निषाद, पवनदीप प्रधान, बाल सिंह निषाद प्रधान, रामबाबू निषाद प्रधान, राज भोज प्रधान, अवध बिहारी देवकली, भवानी दीन गुप्ता, उमाशंकर पूर्व प्रधान, महंत हरिहरदास, माता प्रसाद निषाद, भारत निषाद धरमपुर, सनोज कुमार निषाद प्रबंधक, सोबरन पाल शेखपुर गुढ़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुकेश साहनी के जालौन दौरे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक एवं सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, आगामी बड़े कार्यक्रम की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ाने की बात कही है।

आर० एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें