कुठौंद (जालौन)। थाना सिरसा कलार क्षेत्र के ग्राम लोहई निवासी 45 वर्षीय शीलू तिवारी पुत्र कैलाश नारायण तिवारी की बोलेरो की टक्कर में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रविवार को कानपुर में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे शीलू तिवारी मोटरसाइकिल से माधौगढ़ रोड स्थित पुष्पांजलि गेस्ट हाउस के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की बोलेरो वाहन संख्या यूपी 92 क्यू 9050 से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शीलू तिवारी बोलेरो में फंस गए और वाहन उन्हें घसीटते हुए माधौगढ़ स्टैंड तक ले गया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए।
घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। इसी दौरान माधौगढ़ तिराहे पर तैनात पुलिस बल की नजर बोलेरो पर पड़ी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
गंभीर हालत में शीलू तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उरई रेफर किया गया था। हालत में सुधार न होने पर उन्हें कानपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को कानपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्यवाही की गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी और चार मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। चार बच्चों में एक बेटा और तीन बेटियां हैं तथा सभी की उम्र 14 वर्ष से कम बताई जा रही है। पिता की मौत की खबर से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्नी भी पति की मौत से बदहवास है। परिवार के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।
पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही कर रही है।
रिपोर्टर -अनूप मिश्रा









