कानपुर देहात में रविवार को 01 शहरी और 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 30 केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 49 चिकित्सकों और 134 पैरामेडिकल स्टाफ ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
मेले में कुल 1983 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इनमें 870 पुरुष, 847 महिलाएं और 266 बच्चे शामिल रहे। कोविड हेल्प डेस्क पर 818 लोगों का परीक्षण किया गया, हालांकि कोई भी मरीज कोविड जांच के लिए योग्य नहीं पाया गया। इस दौरान 34 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 184 बुखार के मरीज मिले। इनमें 79 मरीजों की मलेरिया और 9 मरीजों की डेंगू जांच कराई गई, सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। वहीं 38 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। 544 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया, जबकि 164 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया।
मेले में 126 सर्दी-जुकाम, 165 पेट रोग, 268 त्वचा रोग, 64 एनीमिया, 82 मधुमेह और 79 उच्च रक्तचाप के मरीज भी चिन्हित किए गए। इसके अलावा 41 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच के दौरान कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं पाया गया।
स्वास्थ्य टीमों ने 7 संभावित क्षय रोगियों को चिन्हित किया। वहीं 13 गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर जांच, उपचार, दवा और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।









