एक करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

 

90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण परियोजनाएं 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से हों पूर्ण, पूर्ण परियोजनाओं को हस्तांतरित करने की कार्यवाही के निर्देश

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में  एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की महत्वपूर्ण एवं निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परियोजनावार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्धारित पूर्णता तिथि तथा विगत माह में हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें प्रत्येक दशा में 30 सितंबर तक पूर्ण कराया जाए। साथ ही, जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनमें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि इनका लाभ शीघ्र आमजन तक पहुंच सके।समीक्षा के दौरान डायट जालौन में अतिरिक्त कक्ष, ऑडिटोरियम, टॉयलेट एवं मीटिंग हॉल निर्माण की 14 प्रतिशत, राजकीय हाईस्कूल खारका के उच्चीकरण कार्य की शून्य तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय की 5.5 प्रतिशत प्रगति सहित कम प्रगति वाली परियोजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कम प्रगति वाली परियोजनाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा नियमित रूप से प्रगति की निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में भूमि, बजट, तकनीकी स्वीकृति, विभागीय समन्वय अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। सभी कार्यदायी संस्थाएं संबंधित विभागों से प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसलिए प्रत्येक परियोजना का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करते हुए उसका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने, मापनीय प्रगति सुनिश्चित करने तथा फोटो एवं भौतिक सत्यापन सहित अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि का समयबद्ध एवं प्रभावी सदुपयोग करते हुए परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमित सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें