कानपुर देहात। वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित की जा रही “बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद कानपुर देहात के विभिन्न विकास खंडों को भौतिक लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा समस्त खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उपयुक्त विकास आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग एवं अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लाभार्थियों हेतु निर्धारित लक्ष्यों का विकास खंडवार वितरण किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को सामान्य वर्ग के लिए 19 तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए 16 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
जनगणना वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर विकास खंडवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का सृजन हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासनादेश में निर्धारित पात्रता एवं चयन प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाए तथा चयनित लाभार्थियों की सूची निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पात्र वर्गों के व्यक्तियों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है।












