कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कुल 361 वाहनों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने समेत विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।













