एफएलएन प्रशिक्षण को गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर, बीएसए ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

 

प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता और कक्षा-कक्ष में प्रशिक्षण के प्रभावी अनुप्रयोग पर विशेष फोकस

कानपुर देहात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार में एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) प्रशिक्षण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित एफएलएन प्रशिक्षण की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण को शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विकासखंड में एफएलएन प्रशिक्षण निर्धारित मानकों एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाए। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रशिक्षण में प्राप्त शिक्षण विधियों एवं गतिविधियों का कक्षा-कक्ष में प्रभावी अनुप्रयोग कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की दक्षताओं को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए शिक्षकों को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण पूर्ण कराना नहीं, बल्कि उसके माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाकर बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से एफएलएन प्रशिक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए पूर्ण गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें