कानपुर देहात। थाना राजपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मृतका के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शादी में दिए गए दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर 14/15 अगस्त की रात उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया।
मामले में थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 92/2026 के तहत धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में विशाल, अमर सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अगस्त को मामले में वांछित विशाल पुत्र अमर सिंह, उम्र 21 वर्ष और अमर सिंह पुत्र मातादीन, उम्र 45 वर्ष, दोनों निवासी कस्बा व थाना राजपुर को थाना क्षेत्र के ग्राम भाल स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












