अशोक कुमार, सफाई कर्मी को तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश

कानपुर देहात। जिला पंचायत राज अधिकारी कानपुर देहात विकास पटेल ने बताया कि ग्राम पंचायत/राजस्व ग्राम कमलपुर, विकास खण्ड अमरौधा में तैनात सफाई कर्मी अशोक कुमार दिसम्बर 2024 से जून 2026 तक लगातार बिना किसी सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अशोक कुमार की निरंतर अनुपस्थिति के संबंध में कार्यालय पत्र संख्या-1484 दिनांक 26 मई 2026 के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आज तक संबंधित कर्मचारी द्वारा न तो कोई उत्तर अथवा स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया है और न ही अपने तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि संबंधित सफाई कर्मी से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित करने का भी प्रयास किया गया, किन्तु संपर्क नहीं हो सका। लगातार अनुपस्थित रहने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किए जाने के कारण यह कृत्य शासकीय सेवा नियमावली के विपरीत माना गया है।
इस संबंध में अशोक कुमार को पुनः निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिवस के भीतर अपनी तैनाती राजस्व ग्राम/ग्राम पंचायत में योगदान करें तथा अनुपस्थिति अवधि के संबंध में सुसंगत साक्ष्यों सहित अपना लिखित स्पष्टीकरण संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के माध्यम से कार्यालय जिला पंचायत राज अधिकारी, कानपुर देहात में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
निर्धारित अवधि के भीतर उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के सेवा नियमों के अंतर्गत बर्खास्तगी/सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें