अभियान चलाकर करीब 200 निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में कराया गया संरक्षित

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में  निराश्रित एवं आवारा गोवंशों को संरक्षित करने के उद्देश्य से सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)अमित कुमार के नेतृत्व में समस्त अधिशासी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान संचालित करते हुए सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं में स्थानांतरित कराया गया। अभियान के दौरान करीब 200 निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित किया गया। जनपद की नगर पालिका परिषद पुखरायां एवं नगर पालिका परिषद झींझक तथा नगर पंचायत अकबरपुर, अमरौधा, डेरापुर, रूरा, रसूलाबाद, सिकंदरा, शिवली, कंचौसी, रनिया, मूसानगर एवं राजपुर में अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में पहुंचाया गया। जनपद प्रशासन की वेबसाइट पर भी पुखरायां एवं झींझक को नगर पालिका परिषद तथा अन्य निकायों को नगर पंचायत के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य निराश्रित गोवंशों को सड़कों पर खुले में विचरण करने से रोकते हुए उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना तथा आमजन एवं गोवंश दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान की रोकथाम तथा नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जाए तथा पकड़े गए गोवंशों को निर्धारित गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाने के साथ ही वहां उनके लिए चारा, पानी, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर निराश्रित गोवंशों के विचरण की स्थिति न रहे और गोवंश संरक्षण की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें