कानपुर देहात। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलपुर और झींझक क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर दूध, दही, पनीर और मिठाइयों की जांच की। टीम ने विभिन्न दुकानों से छेना, पनीर, पेड़ा, बेसन, चने की दाल और मैदा समेत कुल 7 नमूने जांच के लिए लिए।
जांच के दौरान झींझक के कंचन स्वीट हाउस में 25 किलो रंगीन लड्डू, काजल स्वीट हाउस से 25 किलो रंगीन लड्डू, 10 किलो रसगुल्ला और 8 किलो छेना नष्ट कराया गया। वहीं डेरापुर और झींझक बाजार में ठेलों पर बिक रहे करीब 20 किलो रंगीन फिंगर्स भी नष्ट कराए गए।
खाद्य विभाग ने सभी नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से अत्यधिक रंगीन मिठाइयों से बचने और मिलावट की सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील की है।









