कानपुर देहात। राजपुर थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को मृतका के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे।
आरोप है कि 13 अगस्त को मारपीट के बाद महिला की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। मामले में राजपुर थाने पर आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 अगस्त को ग्राम भाल निवासी 36 वर्षीय अखिलेश पुत्र विश्वनाथ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।









