कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जासवाल की उपस्थिति में माॅ मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में हर घर तिरंगा अभियान-2026, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं नागरिक सहभागिता से जुड़ा व्यापक जनअभियान है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करते हुए जन-जन को इससे जोड़ा जाए तथा अधिकाधिक नागरिकों को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जाए। सरकारी एवं सार्वजनिक भवनों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर निर्धारित नियमों एवं मर्यादा के अनुरूप तिरंगा फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर आधिकारिक पोर्टल www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा नागरिकों को पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। आधिकारिक पोर्टल पर तिरंगे के साथ फोटो अपलोड करने तथा सहभागिता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, महिला समूहों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि हर घर तिरंगा अभियान को जनपद में व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
बैठक में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, पीड़ा एवं संघर्ष को स्मरण करते हुए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जो नई पीढ़ी को इतिहास की इन घटनाओं से परिचित कराने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दें। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रदर्शनी, संगोष्ठी, विचार गोष्ठी, कैंडल मार्च, जागरूकता कार्यक्रम सहित शासन द्वारा निर्धारित अन्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित कराने तथा इनमें अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय की जानकारी देने के साथ ही आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सद्भाव को और मजबूत करने का संदेश दिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रमों को भव्य, व्यवस्थित एवं गरिमामय स्वरूप प्रदान किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई एवं स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था, मंच सज्जा, बैरिकेडिंग, अग्निशमन व्यवस्था एवं चिकित्सा सुविधाओं आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रमों में राष्ट्रीय भावना, देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन एवं अन्य व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी कर ली जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कर लिए जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 में अधिकाधिक परिवारों एवं नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अभियान के दौरान तिरंगे की गरिमा एवं ध्वज संहिता के प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल आयोजन भर न होकर राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति, एकता एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग पूरी प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए इन आयोजनों को सफल बनाएं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीनों आयोजनों से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें सफल, भव्य एवं गरिमामय रूप से सम्पन्न कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, समस्त उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, समस्त खण्ड खण्ड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।












