जिलाधिकारी ने की पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा, दिए निर्देश

 

पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो : जिलाधिकारी

कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों/महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति पोर्टल पर संस्थाओं से संबंधित लंबित प्रोफाइल लॉक करने की कार्यवाही तत्काल पूर्ण कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से अनुपालन करते हुए सभी पात्र छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन समयबद्ध रूप से कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करने, आवेदन पत्रों का समयबद्ध एवं नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने तथा पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं शिक्षण संस्थान आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि छात्रवृत्ति योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे पात्र छात्र-छात्राओं को बिना किसी कठिनाई के छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुकर्मन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विकास गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें