एसडीएम कालपी ने सीएचसी कालपी का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश –

 

कालपी। उपजिलाधिकारी कालपी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी का औचक निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी में मरीजों की संख्या, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसडीएम ने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों को समय पर एवं निर्धारित दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर विशेष जोर दिया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र का भी अवलोकन किया गया तथा वहां उपलब्ध सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आयुष कक्ष में संचालित सेवाओं की जानकारी लेकर नियमित उपचार एवं साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कालपी द्वारा आए मरीजों और तीमारदारों से भी इलाज और अन्य सुविधाओं के संबंध में वार्ता की ।

एसडीएम ने रजिस्ट्रेशन काउंटर , पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे केंद्र तथा डेंटल यूनिट का निरीक्षण कर जांच उपकरणों की कार्यशीलता, रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

निरीक्षण के अंत में एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर दिनेश गुप्ता , डॉक्टर शेख, आयुष्मान मित्र एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

आर० एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें