कानपुर देहात। जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में वर्ष 2026-27 हेतु जिला, मण्डल एवं प्रदेश स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन एवं ट्रायल्स कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्धीकी ने बताया कि जनपद स्तर पर विभिन्न खेल विधाओं के चयन एवं ट्रायल्स का आयोजन जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी मण्डल स्तरीय ट्रायल्स में प्रतिभाग करेंगे तथा वहां से चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत टेनिस, वॉलीबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, क्रिकेट, खो-खो एवं योगासन सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। टेनिस खेल के लिए जिला स्तरीय ट्रायल्स 13 अगस्त 2026 तथा मण्डल स्तरीय ट्रायल्स 18 एवं 19 अगस्त 2026 को आयोजित होंगे, जबकि प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स 24 एवं 25 अगस्त 2026 को श्रावस्ती में संपन्न होंगे।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में ऑटोनॉमस निकायों, परिषदों, बोर्डों, नगर निकायों, पंचायतों तथा पुलिस विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी (अध्यापक एवं सहायक अध्यापक सहित) प्रतिभाग कर सकेंगे। खिलाड़ियों को अपने विभागाध्यक्ष से अनुमति प्राप्त कर प्रतियोगिता में भाग लेना होगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सरकारी कर्मचारियों को नियमानुसार ड्यूटी पर माना जाएगा तथा संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक अनुमतियां प्रदान की जाएंगी। इच्छुक प्रतिभागी अपने विभाग से अनुमोदन प्राप्त कर जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात से संपर्क कर सकते हैं।
जनपद के समस्त पात्र सरकारी कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की गई है।












