प्राथमिक विद्यालय कुकुरगांव पहुंचे जिलाधिकारी, बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता परखी

ब्लैकबोर्ड पर स्वयं प्रश्न, उत्तर लिखवाकर जांची विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, पहाड़े, कविता और अंग्रेजी-हिंदी ज्ञान से हुए संतुष्ट

जालौन में प्राथमिक विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने प्राथमिक विद्यालय कुकुरगांव का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित पठन-पाठन व्यवस्था का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीधे कक्षा में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक दक्षता का स्वयं परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कक्षा 3, 4 एवं 5 के विद्यार्थियों को ब्लैकबोर्ड पर बुलाकर विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न लिखवाए तथा उनका उत्तर देने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और सहजता के साथ सभी प्रश्नों के सही एवं स्पष्ट उत्तर लिखकर अपनी शैक्षणिक तैयारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की समझ, लेखन क्षमता और आत्मविश्वास को देखकर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से 13, 14, 15 एवं 19 के पहाड़े भी सुनाए, जिन्हें बच्चों ने बिना किसी हिचकिचाहट के धाराप्रवाह सुनाकर अपनी गणितीय दक्षता का परिचय दिया। इसके अलावा बच्चों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में कविताओं का भी प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया, जिससे उनकी भाषाई क्षमता और शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए नियमित अभ्यास, नवाचारी शिक्षण पद्धति तथा अनुशासित वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि सभी बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अध्यापिकाएं मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें