कानपुर देहात। सिकंदरा थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड की धनराशि जन सेवा केंद्र (सीएससी) के खातों में ट्रांसफर कर नकद निकलवाने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कटियार पुत्र अजय कटियार निवासी ग्राम जरौली, थाना डेरापुर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गंगागंज कॉलोनी, पनकी (कानपुर नगर) में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को रसधान कस्बे के सीएससी संचालक मिथुन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनके और अन्य दो ग्राहक सेवा केंद्रों के बैंक खातों में साइबर फ्रॉड की रकम क्यूआर कोड के माध्यम से ट्रांसफर कराकर नकद रुपये लिए। बाद में खाते फ्रीज होने पर शिकायत करने पर आरोपी ने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी, 15 हजार रुपये वसूल लिए और जान से मारने की धमकी दी।
जांच के दौरान पुलिस ने 30 जुलाई को जरौली मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साइबर ठगों के गिरोह के संपर्क में था और धोखाधड़ी की रकम सीएससी केंद्रों से निकलवाकर गिरोह तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे पांच प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1600 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









