कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026” के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों को सुगम एवं सुलभ यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र की माननीय विधायक श्रीमती पूनम संखवार द्वारा बस सेवा का शुभारंभ कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रसूलाबाद अभिषेक कुमार तथा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, माती डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मुहम्मद अशरफ उपस्थित रहे। नई बस सेवा का संचालन मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
यह बस सेवा अजनपुर, ढकपुरवा, ब्राह्मणपुरवा, रजुपुरवा, उसरी, रसूलाबाद, मिण्डकुआ, गढ़वा, जिनही, महेरा, बिल्हौर, गाड़ूपुर, जानपुर, डगराहा, बनीपारा, रूरा, तिगाई, मुक्तापुर, नरिहा, अकबरपुर एवं माती सहित मार्ग के विभिन्न गांवों और कस्बों को जोड़ते हुए संचालित होगी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को आवागमन में विशेष सुविधा प्राप्त होगी।
बस सेवा का संचालन सुबोध कुमार अवस्थी, पुत्र स्वर्गीय जगत नारायण अवस्थी द्वारा किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा लोगों को कम किराये पर सुरक्षित एवं सुगम यात्रा की सुविधा प्रदान करना है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, माती डिपो ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत संचालित यह बस सेवा जनहित को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम की सामान्य बस सेवाओं की अपेक्षा कम किराये पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक लाभ प्राप्त होगा।
इस नई बस सेवा के संचालन से क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्या का समाधान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।









