कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में जिला भूगर्भ जल प्रबंधन समिति की बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में भूजल स्तर की स्थिति, वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण एवं जल पुनर्भरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जल संरक्षण हेतु संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने, भूजल दोहन पर नियंत्रण रखने तथा अधिक जल दोहन वाले क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित किए जाने पर बल दिया। बैठक में प्राप्त विभिन्न आवेदनों एवं प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा उनके संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव, एक्सियन जल निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









