कानपुर देहात। भूजल सप्ताह के आयोजन के क्रम में आरती डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड, रनिया, जनपद कानपुर देहात में भूजल संरक्षण जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान भूगर्भ जल विभाग के अधिकारियों द्वारा कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, कृत्रिम भूजल पुनर्भरण तथा जल के विवेकपूर्ण एवं दक्ष उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि भूजल स्तर को बनाए रखने एवं भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जल संरक्षण के उपायों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर औद्योगिक इकाइयों की भूजल संरक्षण एवं जल संसाधनों के सतत प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने उद्योगों को जल के जिम्मेदार एवं कुशल उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए जल संरक्षण संबंधी गतिविधियों को अपने कार्यकलापों का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग प्रबंधन द्वारा जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण के क्षेत्र में अपनाई जा रही विभिन्न पहलों की जानकारी साझा की गई। साथ ही भविष्य में जल संरक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूजल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने तथा भूजल संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जल संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता एवं जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।














