कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को लेकर कानपुर देहात पुलिस ने यातायात पुलिस, थाना पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम के साथ शनिवार रात विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की भी जांच की गई।
अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 242 वाहनों के चालान किए गए तथा ₹17.96 लाख का शमन शुल्क निर्धारित कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।













