अमेजन पार्सल फ्रॉड का भंडाफोड़, 8 लाख नकद समेत दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर देहात। भोगनीपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमेजन पार्सल धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, एक कार, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार रूरा निवासी महेंद्र कुमार की शिकायत पर थाना भोगनीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी अमेजन से एप्पल व अन्य महंगे उत्पाद फर्जी नाम-पते से ऑर्डर करते थे। डिलीवरी मिलने के बाद पार्सल को बिना क्षतिग्रस्त किए खोलकर असली सामान निकाल लेते और उसकी जगह नकली उत्पाद रखकर पार्सल वापस कंपनी को भेज देते थे।
पुलिस ने शनिवार देर रात चौरा-बिल्हापुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास से रोहित ठाकुर उर्फ डिफाल्टर उर्फ कुणाल शर्मा निवासी कालपी और मंजीत गुप्ता उर्फ जीनियस निवासी कालपी, जनपद जालौन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अमेजन डिलीवरी सिस्टम का दुरुपयोग कर करीब 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इनमें से 8 लाख रुपये बरामद हो चुके हैं, जबकि शेष रकम फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें