कानपुर देहात।पारिवारिक विवादों के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान के लिए सभी सर्किल स्तर पर परिवार परामर्श केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में परिवार परामर्श केंद्रों के प्रभावी संचालन, पारिवारिक विवादों के समयबद्ध निस्तारण तथा पीड़ित पक्षों को गुणवत्तापूर्ण परामर्श उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जनपद में सर्किल रसूलाबाद का परिवार परामर्श केंद्र थाना शिवली, सर्किल अकबरपुर का पुलिस लाइन, सर्किल डेरापुर का थाना डेरापुर, सर्किल भोगनीपुर का थाना भोगनीपुर तथा सर्किल सिकंदरा का थाना सिकंदरा में स्थापित किया गया है। इन केंद्रों का उद्घाटन 20 जुलाई 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सर्किल स्तर पर परिवार परामर्श केंद्र शुरू होने से पारिवारिक विवादों से जुड़े लोगों को अब जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। उन्हें अपने नजदीकी केंद्र पर ही परामर्श और आवश्यक सहायता उपलब्ध होगी, जिससे मामलों का त्वरित, प्रभावी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।













