कानपुर देहात। भूजल सप्ताह के अंतर्गत जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशों के क्रम में अमूल बनास डेयरी द्वारा गोद ली गई विकास खण्ड अकबरपुर की ग्राम पंचायत बनार अलीपुर स्थित 2.40 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले तालाब पर श्रमदान एवं विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान तालाब की साफ-सफाई, झाड़-झंखाड़ एवं जलकुंभी हटाने सहित तालाब के पुनरुद्धार संबंधी कार्य प्रारम्भ कराए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य तालाब की जलधारण क्षमता में वृद्धि करना, वर्षा जल के अधिकतम संचयन को बढ़ावा देना तथा भूजल पुनर्भरण को सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान भूगर्भ जल विभाग की हाइड्रोलॉजिस्ट द्वारा तालाब परिसर में वृक्षारोपण किया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामवासियों एवं अमूल बनास डेयरी के प्रतिनिधियों को वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन भूजल स्तर में सुधार तथा भविष्य में जल संकट के समाधान के लिए अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने जल संसाधनों के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी से जल संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने वर्षा जल संचयन को अपनाने, जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता का आह्वान किया गया।














