भू-जल सप्ताह के अंतर्गत जल संरक्षण जागरूकता रैली एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशानुसार मनाए जा रहे भू-जल सप्ताह के अंतर्गत विकास खण्ड अमरौधा के ग्राम पातेपुर/लंगूपुर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल कलश यात्रा एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं किसानों को जल संरक्षण के महत्व तथा वर्ष 2026 की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित खेत तालाब योजना एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को वर्षा जल संचयन, भूमि संरक्षण एवं कृषि उत्पादकता बढ़ाने के विभिन्न उपायों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री  राकेश सचान के प्रतिनिधि अशोक कुमार सचान उपस्थित रहे। उनके साथ भूमि संरक्षण अधिकारी देवेंद्र कुमार वर्मा, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक  विमल कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। ग्राम के प्रगतिशील कृषक अमर सिंह एवं आदित्य कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्य अतिथि द्वारा भूमि संरक्षण विभाग के अंतर्गत संचालित पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत ग्राम पातेपुर में कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान परियोजना क्षेत्र में पीपल एवं सहजन के पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि मेड़बंदी, समतलीकरण एवं अवरोध बांध जैसे संरक्षण कार्यों से भूमि कटाव को रोकने के साथ-साथ खेतों में वर्षा जल का संचयन सुनिश्चित होता है। इससे न केवल भू-जल स्तर के संरक्षण में सहायता मिलती है, बल्कि कृषि उत्पादन में वृद्धि तथा किसानों की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी होती है।
भू-जल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य एवं किसानों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें