कानपुर देहात। कानपुर देहात पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी और सेक्स्टॉर्शन गिरोह के 10 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत साइबर सेल, सर्विलांस और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने अकबरपुर, गजनेर और रनियां थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने अकबरपुर थाना क्षेत्र से 2, गजनेर से 5 और रनियां से 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 23 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 14,400 रुपये नकद तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, धनराशि दोगुनी कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। इसके अलावा खुद को पुलिस या विजिलेंस अधिकारी बताकर अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाते और जेल भेजने की धमकी देकर रुपये वसूलते थे। ठगी की रकम सीधे बैंक खाते में न मंगाकर ‘महादेव ऐप’, ‘अन्ना रेड’ और ‘इस्टामैच’ जैसे ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स की फर्जी आईडी के क्यूआर कोड के माध्यम से मंगाई जाती थी। बाद में रकम निकालकर आपस में बांट ली जाती थी और पहचान छिपाने के लिए लगातार सिम कार्ड बदले जाते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













