कानपुर देहात। थाना मंगलपुर क्षेत्र के ग्राम जसापुर निवासी भारत सिंह से साइबर ठग ने रुपये भेजने का झांसा देकर यूपीआई पेमेंट रिक्वेस्ट स्वीकार करवा ली और ₹93,339 की ठगी कर ली। पीड़ित ने 12 अक्टूबर 2025 को थाना मंगलपुर की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद थाना मंगलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की पूरी धनराशि ₹93,339 शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी। अपनी रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने मंगलपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई यूपीआई पेमेंट रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल फोन खोने की स्थिति में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर फोन ब्लॉक कराया जा सकता है।













