कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान तथा सृजन प्री-स्कूल (रूरल रूट्स फाउंडेशन) के सहयोग से रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पुलिस परिवारों और उनके बच्चों के लिए निःशुल्क दंत परीक्षण एवं मौखिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सुशीला डेंटल हॉस्पिटल, अकबरपुर के दंत चिकित्सक डॉ. आयुष परमार ने पुलिस परिवारों और बच्चों के दांतों की निःशुल्क जांच की। इस दौरान उन्होंने सही तरीके से ब्रश करने की विधि, दांतों की नियमित देखभाल, मौखिक स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर दंत परीक्षण कराने के महत्व की जानकारी दी। साथ ही संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
शिविर के सफल आयोजन में पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचंद शुक्ला का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सृजन प्री-स्कूल (रूरल रूट्स फाउंडेशन) प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, डॉ. आयुष परमार एवं सुशीला डेंटल हॉस्पिटल का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।













