कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की है। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 35 व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
थाना भोगनीपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 212/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त सूरज पुत्र स्वर्गीय अनिल कुमार निवासी सलामतपुर, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। वहीं थाना सिकन्दरा पुलिस ने मुकदमा संख्या 110/2026 में वांछित अभियुक्त राज कुमार निवासी मदनपुर, सिकन्दरा को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की।
इसके अलावा थाना मंगलपुर पुलिस ने धर्म परिवर्तन निरोध अधिनियम एवं अन्य धाराओं से संबंधित मुकदमे में वांछित अभियुक्त फिरोज अली निवासी कन्नौज तथा शकील अहमद निवासी झींझक को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 35 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान की कार्रवाई की। इनमें शिवली, रसूलाबाद, मंगलपुर, राजपुर, सिकन्दरा, मूसानगर, गजनेर, रूरा और अकबरपुर थाना क्षेत्रों के व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।













