कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चलाए गए अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों को चिन्हित कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 206 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













