रसूलाबाद, कानपुर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहां महज तीन दिनों के भीतर एक ही परिवार ने पिता और जवान बेटे को खो दिया। पहले पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई और फिर उनके नौवें का सामान खरीदने गए बेटे की भी अचानक तबीयत बिगड़ने से जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मामला रसूलाबाद क्षेत्र के मिश्रसेनपुर कहिजरी गांव के मजरा उसरी का है। गांव निवासी 65 वर्षीय राम आसरे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार 19 जून की सुबह वह घर के बाहर पानी लेने गए थे। इसी दौरान अचानक गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई थी।
पिता के निधन का दुख परिवार अभी सह भी नहीं पाया था कि तीसरे दिन एक और दुखद घटना हो गई। रविवार को राम आसरे का 30 वर्षीय पुत्र छविनाथ अपने पिता के नौवें का सामान खरीदने के लिए औनहा बाजार गया था। वहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि उसकी मौत भी हार्ट अटैक से हुई है।
लगातार दो मौतों ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। मां देवकाती पति को खोने के तीन दिन बाद बेटे की मौत से बेसुध हैं, जबकि पत्नी सोनी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं।
पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहायता की मांग की है। हालांकि राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हार्ट अटैक से मृत्यु होने की स्थिति में वर्तमान नियमों के तहत आर्थिक सहायता का कोई प्रावधान नहीं है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
संवाददाता
साहिल कटियार
कानपुर देहात













