सिकंदरा, कानपुर देहात। सिकंदरा पुलिस ने उर्स से लौट रहे युवक के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1950 रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
डेरापुर निवासी मोहम्मद तालिम ने सिकंदरा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया था कि 16 जून की तड़के उर्स से लौटते समय बिरहाना पुल के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और वीवो वी-29 मोबाइल फोन तथा 3000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने जबरन यूपीआई पिन हासिल कर उनके बैंक खाते से 7300 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर राजपुर रोड स्थित बुधौली मोड़ के पास छापेमारी कर अभय खन्ना उर्फ अभि खन्ना निवासी कालपी, जनपद जालौन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से 1950 रुपये नकद बरामद किए, जो लूटी गई रकम का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवक को सुनसान स्थान पर ले जाकर पहले उसके साथ मारपीट की, फिर मोबाइल और नकदी लूट ली। इसके बाद मोबाइल का उपयोग कर उसके बैंक खाते से भी रुपये ट्रांसफर कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात













