जनता के फीडबैक को बनाया मूल्यांकन का आधार, बेहतर एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया विशेष बल
जालौन में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं जनकेंद्रित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार प्रातः लगभग 8:30 बजे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों तथा अस्पताल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों से उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं, जांचों एवं चिकित्सकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से फीडबैक प्राप्त करते हुए कहा कि जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिलाधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंजीकरण प्रक्रिया तथा मरीजों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उपचार प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता का वास्तविक आकलन तभी संभव है जब सीधे मरीजों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाया जा रहा है और आमजन को सहज, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।











