कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा जनपद में कराए गए निर्माण कार्यों के अवलोकन हेतु “प्रगति पथ यात्रा” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना अकबरपुर परिसर में निर्मित 48 क्षमता वाले हॉस्टल एवं बैरक के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा सदर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा ने सहभागिता की। उनके साथ विभागीय अभियंतागण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। “सेवा, सम्मान, संस्कार और सुशासन” के 12 वर्षों की विकास गाथा को रेखांकित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा जनहित को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए गए हैं, जिनमें थाना अकबरपुर में 48 क्षमता वाले हॉस्टल एवं बैरक का निर्माण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मंत्री ने कहा कि इस बैरक एवं हॉस्टल के निर्माण से पुलिस कर्मियों को थाना परिसर के अंदर ही आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे उन्हें ड्यूटी के लिए आवागमन में लगने वाले समय की बचत होगी तथा वे अधिक दक्षता एवं तत्परता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। साथ ही क्षेत्रीय जनता को भी आपात परिस्थितियों एवं कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों में त्वरित सहायता एवं कार्रवाई का लाभ मिलेगा।
इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। जनप्रतिनिधियों ने भविष्य में भी विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण एवं अवलोकन किए जाने की बात कही, ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम का समापन विकास कार्यों के प्रति जनजागरूकता और जनसहभागिता के संदेश के साथ हुआ।












