सिकंदरा, कानपुर देहात। तहसील सिकंदरा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में दोनों विभागों के समन्वय से कार्यवाही कर त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी भी अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में उपस्थित रहे और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन ने कहा कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












