शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
जालौन। आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियों, शांति समिति बैठकों एवं एन-कॉर्ड के अंतर्गत मादक पदार्थों की रोकथाम संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में ताजिया मार्गों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। शांति समिति बैठकों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी थाना क्षेत्रों में नियमित बैठकें आयोजित कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाए। वहीं एन-कॉर्ड के अंतर्गत नशा तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।










