रुरा में जन चौपाल का आयोजन, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सुनीं जनसमस्याएं

कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनविश्वास के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर पंचायत रुरा के रामनगर में समेकित जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने सहभागिता कर क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामनगर निवासी एवं पूर्व शिक्षक सीताराम गौतम ने की। जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों को उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। जन चौपाल के दौरान वार्ड निवासी अफसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। राशन कार्ड में महिला सदस्य को प्राथमिकता देना, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत महिलाओं के नाम आवास उपलब्ध कराना तथा परिवार की मुखिया के रूप में महिलाओं को सम्मानजनक स्थान देना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से महिलाएं पहले की अपेक्षा अधिक आत्मनिर्भर और सशक्त हुई हैं। स्थानीय निवासी ब्रजलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों ने जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं की जानकारी आमजन तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच पाती थी और लाभ भी पात्र लोगों को नहीं मिल पाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। इससे समाज के सभी वर्गों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।कार्यक्रम में उपस्थित हाईस्कूल के छात्र अर्जुन गौतम ने शिक्षा क्षेत्र में हुए परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जबकि वर्तमान सरकार की बेहतर बिजली व्यवस्था से अध्ययन अधिक सुगम हुआ है। साथ ही डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी शिक्षा तथा अभ्युदय कोचिंग योजना जैसी पहलों ने युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान किया है। पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशहित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35-ए का निष्प्रभावीकरण तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार की दृढ़ नीति मोदी सरकार की निर्णायक कार्यशैली को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर परिणाम भी सुनिश्चित करती है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के 9 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का विकास, कानपुर देहात में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, शोभन मंदिर में प्रतीक्षालय निर्माण, रुरा स्थित माँ पाथामाई मंदिर में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से कराए गए सुंदरीकरण कार्य, रनिया को नगर पंचायत का दर्जा तथा रुरा नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का सम्मान मिलना क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। जन चौपाल के दौरान नागरिकों ने पेयजल, सड़क, सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को भी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई तथा उन्हें अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान रामजी गुप्ता, रविशशि द्विवेदी, गौरव शुक्ला, बउवा पांडेय, दिनेश पालीवाल, विवेक पाण्डेय, संजय द्विवेदी, रामबाबू शुक्ला, अंशुल बाजपेई, संजय पाल, हरनाम यादव, ब्रजेन्द्र द्विवेदी, माया देवी, मनीष कुमार, महेश गुप्ता, शिवा पांडेय, चंदरी यादव, वरुण कटियार, राकेश गौतम, छोटे कठेरिया, ब्रज लाल, लालाराम, रज्जो, रुकसार, अफसाना, परसमानी, माया देवी, मुन्नी देवी आदि मौजूद रही।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें