कालपी (जालौन)। भगवान वेदव्यास की पावन जन्मस्थली और सनातन संस्कृति के प्रमुख केंद्र कालपी नगर में इन दिनों धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज चारों ओर सुनाई दे रही है। इसी कड़ी में, अत्यंत पवित्र माने जाने वाले ‘पुरुषोत्तम मास’ (अधिकमास) के पावन अवसर पर स्थानीय मोहल्ला रामगंज में जाने माने समाजसेवी एवं व्यवसायी विनय बड़ेरिया द्वारा एक भव्य भंडारे का आयोजन मोहल्ले में स्थित सुप्रसिद्ध माँ अन्नपूर्णा देवी मंदिर के प्रांगण में आयोजित किया इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह माँ अन्नपूर्णा देवी के विशेष श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर में विशाल कीर्तन और भजन का आयोजन किया गया। स्थानीय गायकों और भक्तों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को अध्यात्म के रंग में सराबोर कर दिया। ‘जय माता दी’ और ‘हरे कृष्णा’ के जयकारों से पूरा रामगंज इलाका गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने ढोलक और मंजीरों की थाप पर झूमते हुए भगवान की आराधना की। भजन-कीर्तन के बाद माँ अन्नपूर्णा देवी को छप्पन भोग लगाकर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस महाप्रसाद में मोहल्ले के निवासियों के साथ-साथ कालपी नगर के दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भी पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था इतनी सुदृढ़ थी कि देर शाम तक भक्तों के आने और प्रसाद पाने का सिलसिला अनवरत चलता रहा।
स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि कालपी जैसी तपोभूमि पर इस तरह के सामूहिक आयोजन समाज में समरसता, आपसी प्रेम और धार्मिक चेतना को और अधिक मजबूत करते हैं।
आर०एन०शुक्ला पत्रकार










