कानपुर देहात केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कानपुर देहात में ‘‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखंड अमरौधा में जनकल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा विगत 12 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी आमजन को प्रदान की गई। कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने नागरिकों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जहां लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर अन्य जनप्रतिनिधिगण, उप जिलाधिकारी भोगनीपुर, जिला विकास अधिकारी सहित खण्ड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।










