कानपुर देहात। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद ने जनपद के समस्त किसान भाइयों को सूचित किया है कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना एवं एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत विभिन्न फलदार पौधों की बागवानी स्थापित करने हेतु सरकार द्वारा आकर्षक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक कृषक निर्धारित तिथि तक आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आम, अमरूद एवं नींबू वर्गीय फलों की सामान्य दूरी पर बाग लगाने के लिए अनुमन्य लागत 1.25 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित है, जिस पर 40 प्रतिशत अर्थात 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान रोपण सामग्री एवं अन्य निवेश मद में दो किस्तों में प्रदान किया जाएगा।
इसी प्रकार, आम, अमरूद एवं नींबू वर्गीय फलों की सघन बागवानी के लिए अनुमन्य लागत 2 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित है, जिस पर 40 प्रतिशत अर्थात 80 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान दो किस्तों में देय होगा।
इसके अतिरिक्त पपीता, करौंदा, बेल, बेर, आंवला एवं कटहल की बागवानी के लिए अनुमन्य लागत 75 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के सापेक्ष 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता दो किस्तों में प्रदान की जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि ड्रेगन फ्रूट की खेती हेतु अनुमन्य लागत 6.75 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर है, जिस पर 40 प्रतिशत अनुदान के रूप में 2.70 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता देय है। इसी प्रकार कीवी की बागवानी पर अनुमन्य लागत 2.50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर के सापेक्ष 1 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तथा टिश्यू कल्चर खजूर की बागवानी पर अनुमन्य लागत 4 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर के सापेक्ष 1.60 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता 80 प्रतिशत पौधों की जीवितता सुनिश्चित होने पर अनुमन्य होगी। उन्होंने बताया कि लाभार्थी कृषकों को बागवानी स्थापित करने पर तार फेंसिंग की सुविधा 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सूक्ष्म सिंचाई योजना के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई प्रणाली पर 65 से 90 प्रतिशत तक अतिरिक्त अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक कृषक उद्यान विभाग में तैनात क्षेत्रीय निरीक्षकों अथवा उद्यान विभाग, विकास भवन, माती, कानपुर देहात स्थित कक्ष संख्या-315 में संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसानwww.dbt.uphorticulture.in पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति एवं पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र दिनांक 20 जून, 2026 तक जमा किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी के सीयूजी मोबाइल नंबर 9151066898 पर संपर्क कर सकते हैं।









