कानपुर देहात। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात स्थित सभागार कक्ष में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का समाधान कर बिखरे परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में कुल 30 मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें नई किरण टीम द्वारा दोनों पक्षों की काउंसलिंग और समझाइश के बाद 3 परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया। समझौते के बाद पति-पत्नी खुशी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार हो गए। शेष मामलों में सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।
प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुषमा, मुख्य आरक्षी जयमाला, महिला कांस्टेबल रीनू, रंजना सोनकर, शालू देवी तथा प्रोजेक्ट नई किरण की सदस्य कंचन मिश्रा एवं डॉ. पूनम गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।










