शिवली, कानपुर देहात। थाना शिवली पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाघपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम गौरी के आगे खेत में कुछ लोग मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनुज शुक्ला, सुनील कुमार, अनिल कुमार और जीतू कुमार वर्मा शामिल हैं, जो कानपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से फड़ पर रखे 34,400 रुपये तथा आरोपियों की तलाशी से 1,300 रुपये बरामद किए। इस प्रकार कुल 35,700 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और एक सफेद गमछे का फड़ बरामद हुआ। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना शिवली में मुकदमा संख्या 208/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है।












