औरैया। विकास खंड बिधूना में खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बच्चों एवं महिलाओं के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में रामसुंदर खंड विकास अधिकारी बिधूना, अमित कुमार बाल विकास परियोजना अधिकारी, डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह (सीएचसी अधीक्षक बिधूना), मुहम्मद जावेद उपजिलाधिकारी बिधूना, रामसुमेर बाल कल्याण अधिकारी बिधूना, रोतेन्द्र सिंह प्रतिनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी बिधूना, सीमा लोधी संरक्षण अधिकारी, सीमा कुशवाहा जिला बाल संरक्षण इकाई एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा बहुएं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में बाल विवाह रोकथाम, प्रायोजन एवं पालन-पोषण योजना, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल सेवा योजना सामान्य, कन्या सुमंगला योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों, बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध विभिन्न सहायता सेवाओं की भी जानकारी दी गई। बैठक में शासन स्तर पर संचालित हेल्पलाइन सेवाओं जैसे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता 112 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में विस्तार से बताया गया।
अध्यक्षता कर रहे अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और समुचित विकास सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। बैठक का समापन जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संकल्प के साथ हुआ।









