कानपुर देहात। थाना डेरापुर पुलिस ने बैटरी चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की छह बैटरियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम जरौली निवासी रोहित कटियार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोरी हो गई है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी की पहचान ग्राम रसधान निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई। इसके आधार पर थाना डेरापुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 सर्विस रोड स्थित हराना हाईवे पुल के पास से संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छह बैटरियां बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानपुर नगर और कानपुर देहात के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध हथियार और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।












