कानपुर देहात। थाना शिवली पुलिस ने महिला से कान का बाला छीनकर फरार हुए वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया पीली धातु का बाला, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की पल्सर बाइक बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार 24 मई को ग्राम हरदियानाला में उपले पाथ रही महिला से दो बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर का पता पूछने के बहाने कान के बाले छीन लिए थे। पीड़िता के पुत्र की तहरीर पर थाना शिवली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में एक आरोपी इस्माइल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दूसरा आरोपी राहुल फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान बुधवार को पुलिस टीम ने चेकिंग के समय आरोपी राहुल पुत्र अतर सिंह निवासी अकबरपुर को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, महिला से छीना गया बाला और बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी शिवली भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








