कानपुर देहात। थाना शिवली पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से छीना गया पीली धातु का कान का बाला, 200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कानपुर देहात समेत आसपास के जनपदों में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को ग्राम हरदियानाला में गांव के बाहर उपले पाथ रही महिला से दो बाइक सवार युवकों ने रामजानकी मंदिर का पता पूछने के बहाने कान का बाला झपट लिया था। पीड़िता के पुत्र आशीष की तहरीर पर थाना शिवली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे के लिए जुटी शिवली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को भेवान नहर पटरी मार्ग से इस्माइल पुत्र हसन खां निवासी जल्लापुर सिकंदरा थाना राजपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया बाला और नकदी बरामद हुई। घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल नंबर UP77AH8286 को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राहुल निवासी ब्रह्मनगर कंजड़ डेरा, अकबरपुर का नाम भी कबूल किया। आरोपी ने बताया कि दोनों ने मिलकर महिला से झपटमारी की थी और बाद में बालों को आपस में बांट लिया था। पुलिस फरार आरोपी राहुल की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इस्माइल पर लूट, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












