कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस कार्यालय कानपुर देहात में फायर सर्विस टीम द्वारा अग्निशमन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के बारे में जानकारी दी गई।
फायर सर्विस टीम ने मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की घटनाओं में सतर्कता बरतने, प्राथमिक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्य करने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के सही प्रयोग एवं संचालन की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया गया कि किसी भी आगजनी की घटना में समय रहते प्रभावी रिस्पांस और समन्वय बेहद आवश्यक होता है। फायर टीम ने विभिन्न अग्निशमन यंत्रों के संचालन का प्रदर्शन करते हुए आपदा की स्थिति में सुरक्षा उपायों को अपनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात संजय गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










