कानपुर। सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस फायर सर्विस के सहयोग से आईआरसीटीसी कार्यालय, प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर आयोजित इस कार्यक्रम में रेल कर्मचारियों, टिकट चेकिंग स्टाफ तथा खानपान कैटरिंग वेंडरों को आग लगने की स्थिति में त्वरित बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया।
अग्निशमन विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा अग्निशमन यंत्रों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। यूनिट वाहन संख्या-0241 वाटर वाउजर के साथ पहुंचे अग्निशमन दल के लीडिंग फायरमैन महेश कुमार, चालक ज्ञान सिंह, फायरमैन अजीत पटेल, बृजभूषण एवं आदित्य पाठक ने कर्मचारियों को व्यावहारिक रूप से आग बुझाने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीके सिखाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप मुख्य यातायात प्रबंधक (Dy.CTM) कानपुर अकांशु गोविल, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार सहित अन्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में स्टेशन परिसर के बाहर नियंत्रित रूप से आग प्रज्वलित कर अग्निशमन यंत्रों के माध्यम से उसे बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिससे कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराया जा सके। रेल प्रशासन ने बताया कि प्रयागराज मंडल द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रेलवे परिसरों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने का कार्य लगातार किया जा रहा है।










